
नर्सिंग कॉलेज के 90% छात्र फेल, 12 हजार रुपये लेकर रिजल्ट ‘मैनेज’ करने का आरोप
दुल्हिन बाजार (पटना)
दुल्हिन बाजार के रकसिया स्थित चाणक्या नर्सिंग कॉलेज में बीएससी नर्सिंग के हालिया परीक्षा परिणाम को लेकर छात्रों में भारी आक्रोश है।
जारी परिणाम में करीब 90 प्रतिशत छात्रों के फेल होने का दावा किया जा रहा है। इसके बाद आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज परिसर के साथ सड़क पर भी विरोध प्रदर्शन किया।
दर्जनों छात्रों ने आरोप लगाया कि परीक्षा फार्म भरने के दौरान प्रत्येक छात्र से परीक्षा परिणाम 'मैनेज' करने के नाम पर 12 हजार रुपये लिए गए थे।
सबकुछ मैनेज करने का मिला था आश्वासन
छात्रों का कहना है कि कॉलेज प्रबंधन ने दाखिले के समय कथित तौर पर भरोसा दिलाया था कि परीक्षा और परीक्षा केंद्र को लेकर सब कुछ 'मैनेज' रहेगा। लेकिन परीक्षा केंद्र पर सख्ती के कारण बड़ी संख्या में छात्र फेल हो गए।
छात्रों ने आरोप लगाया कि परीक्षा पास कराने की गारंटी के नाम पर उनसे पहले ही राशि ली गई थी। उनका कहना है कि कुछ ऐसे विद्यार्थी भी पास हो गए, जो नियमित रूप से कॉलेज नहीं आते थे, जबकि नियमित कक्षा करने वाले कई छात्रों के बेहद कम अंक आए हैं। छात्रों ने पूरे मामले की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है
कॉलेज की व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
प्रदर्शनकारी छात्रों ने कॉलेज की आधारभूत और शैक्षणिक व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि एक ही भवन में छात्र और छात्राओं के हॉस्टल संचालित किए जा रहे हैं।
इसी भवन में प्राचार्य और निदेशक के कार्यालय के साथ-साथ पठन-पाठन की व्यवस्था भी संचालित होती है। छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन पर अधिक राशि लेने, रखरखाव की उचित व्यवस्था नहीं होने और पढ़ाई के नाम पर छात्रों को कथित रूप से गुमराह करने समेत कई गंभीर आरोप लगाए।
तीन घंटे तक बिहटा-पालीगंज मुख्य मार्ग जाम
आक्रोशित नर्सिंग छात्रों ने बिहटा-पालीगंज एसएच-2 मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। करीब तीन घंटे तक सड़क पर आवागमन बाधित रहा। इस दौरान कुछ वाहन चालकों के साथ मारपीट किए जाने की भी बात सामने आई है।
हंगामे की सूचना मिलने पर अपर थानाध्यक्ष बिट्टू कुमार और बीडीओ श्रीनिवास पांडेय मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के सामने छात्रों ने अपनी शिकायतें रखीं और कॉलेज प्रबंधन पर कई आरोप लगाए।
अधिकारियों ने छात्रों की शिकायतों को सुना और मामले की जानकारी ली। छात्रों ने परीक्षा परिणाम, कथित रूप से लिए गए 12 हजार रुपये और कॉलेज की व्यवस्थाओं की जांच कराने की मांग की है।



