अन्य राज्यपंजाब

अमृतसर से 1822 श्रद्धालुओं का जत्था पाकिस्तान रवाना, ‘बोले सो निहाल’ के जयकारों से गूंजा माहौल

अमृतसर.

प्रथम पातशाह श्री गुरुनानक देव जी के प्रकाश पर्व पर पाकिस्तान स्थित ऐतिहासिक गुरुधामों के दर्शन के लिए रविवार को 1822 सिख श्रद्धालुओं का जत्था रवाना हुआ। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के मुख्यालय स्थित तेजा सिंह हाल से जत्थे की रवानगी के समय बोले सो निहाल, सत श्री अकाल के जयकारे गूंज उठे।

श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने अरदास कर श्रद्धालुओं की सुखद यात्रा की कामना की और फतेह बुलाकर जत्थे को रवाना किया। एसजीपीसी के अनुसार पाकिस्तान जाने के लिए 1828 श्रद्धालुओं के पासपोर्ट वीजा प्रक्रिया के लिए भेजे गए थे। इनमें से 1822 को वीजा मिला, जबकि छह श्रद्धालुओं के आवेदन रद कर दिए गए। जत्थे की अगुवाई एसजीपीसी सदस्य बीबी परमिंदर कौर कर रही हैं। उनके साथ एसजीपीसी कार्यकारिणी सदस्य रविंदर सिंह खालसा, सदस्य गुरनाम सिंह जस्सल, बीबी गुरिंदर कौर भोलूवाला और जनरल प्रबंधक लखबीर सिंह भी गए हैं।

वीजा संख्या बढ़ाने की उठाई मांग
जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने कहा कि प्रत्येक गुरुनानक नाम लेवा सिख अपनी अरदास में बिछड़े गुरुधामों के खुले दर्शन-दीदार की कामना करता है। उन्होंने भारत और पाकिस्तान में अमन, शांति और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अरदास की। उन्होंने लंबे समय से बंद श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर को दोबारा खोलने की मांग करते हुए कहा कि दोनों तरफ के पंजाब की मां बोली पंजाबी है, जो लोगों को आपस में जोड़ती है। दोनों देशों की सरकारों को श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए वीजा संख्या बढ़ानी चाहिए। साथ ही गुरुधामों के दर्शन के लिए वीजा प्रक्रिया सरल करने और आन अराइवल वीजा की सुविधा देने पर विचार करना चाहिए। एसजीपीसी सदस्य बीबी गुरिंदर कौर भोलूवाला ने बताया कि दस दिवसीय यात्रा के दौरान श्रद्धालु श्री ननकाना साहिब, गुरुद्वारा जन्म अस्थान, पट्टी साहिब, क्यारा साहिब, गुरुद्वारा सच्चा सौदा, श्री पंजा साहिब और श्री करतारपुर साहिब में नतमस्तक होंगे। इसके अलावा लाहौर स्थित गुरुद्वारा डेरा साहिब सहित अन्य ऐतिहासिक गुरुधामों के दर्शन भी करेंगे। जत्था एक दिसंबर को अटारी-वाघा सीमा के रास्ते भारत लौटेगा।

श्रद्धालुओं में उत्साह
पाकिस्तान जा रहे श्रद्धालुओं में यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। श्री दरबार साहिब के हजूरी रागी भाई प्यार अकाल सिंह ने बताया कि उन्हें पहली बार पाकिस्तान के गुरुधामों में कीर्तन सेवा करने का अवसर मिला है। लुधियाना के रमनप्रीत सिंह भोरिया ने कहा कि बंटवारे के समय उनका परिवार पाकिस्तान से भारत आया था। अब बिछड़े गुरुधामों के दर्शन करने की वर्षों पुरानी इच्छा पूरी हो रही है। उत्तराखंड से दूसरी बार यात्रा पर जा रहे हरजिंदर सिंह ने भी वीजा मिलने पर गुरु साहिब का शुक्रिया अदा किया। अधिकांश श्रद्धालुओं ने पासपोर्ट और वीजा संबंधी प्रक्रिया में एसजीपीसी की व्यवस्थाओं की सराहना की। हालांकि, गुरदासपुर के धारीवाल से आए कुछ श्रद्धालुओं ने रवानगी के समय की सही जानकारी नहीं मिलने से असुविधा होने की बात कही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button