
अयोध्या: अस्पताल के पास गड्ढे में फंसी एंबुलेंस को ट्रैक्टर से खिंचवाना पड़ा
अयोध्या। आपात सेवा उपलब्ध कराने वाली 108 एंबुलेंस सोमवार को जिला महिला चिकित्सालय के पास सड़क पर निर्माण को लेकर हुई खुदाई का शिकार हो गई। काफी मशक्कत के बावजूद एंबुलेंस गड्ढे से न निकली तो ट्रैक्टर बुला खिंचवाना पड़ा।
बताया गया कि मुख्य मार्ग पर रामपथ के अलावा शहर के रिकाबगंज से कसावबाड़ा रोड पर सीवर निर्माण के लिए सड़क को खोद दिया गया। कार्यदायी संस्था की ओर से सीवर लाइन डालने के बाद सड़क को औपचारिक रूप से ही समतल किया, जिसके चलते सड़क में गड्ढा बन गया है।
सोमवार की सुबह जिला महिला अस्पताल से मरीज को लाने अयोध्या के रानोपाली जा रही एक 108 एंबुलेंस का दोनों अगला पहिया महिला चिकित्सालय के निकट रोड पर बने गड्ढे में फंस गया। एंबुलेंस के पायलट रामशरण ने बताया कि पहले तो जैक लगाकर किसी तरह वाहन को निकालने की कोशिश की लेकिन सफलता न मिली। इसके बाद टैक्टर मंगवाकर एंबुलेंस को बाहर निकलवाया गया।



