दो सितम्बर से आरंभ होगा भाजपा का सदस्यता अभियान: दीपक शाह
टीम एक्शन इंडिया
नई दिल्ली: बाहरी दिल्ली के नरेला विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड नंबर-2 स्वतंत्र नगर में भाजपा संयुक्त मोर्चा मंडल द्वारा बीजेपी सदस्यता अभियान की तैयारी को लेकर एक संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का आयोजन बांकनेर मंडल अध्यक्ष दीपक शाह की अध्यक्षता में हुआ। इसमें कार्यकर्ताओं से अभियान के तहत अधिक से अधिक लोगों को भाजपा का सदस्य बनाने की बात कही गई।
बांकनेर मंडल अध्यक्ष दीपक शाह ने कहा कि दो सितम्बर से सदस्यता अभियान में सभी सहयोग करें। उन्होंने कार्यक्रमों की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता के रूप में हम अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कार्य करें। यह लक्ष्य जब संगठन व सत्ता के सामने होता है, तब वह आगे बढ़ता है। संगठनात्मक दृष्टि से सदस्यता अभियान हमें दो माह में पूर्ण करना है।
दो सितंबर को प्रधानमंत्री दिल्ली से सदस्यता ग्रहण कर अभियान शुरू करेंगे। जिला सह प्रभारी वीरेंद्र बब्बर ने कहा कि सभी कार्यकर्ता व पदाधिकारी निर्धारित किए लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सदस्यता अभियान में पूरे परिश्रम से कार्य करें। जिला महामंत्री अंजू अमन ने कहा कि हमें हर बूथ में घर-घर जाना है और भाजपा के सदस्यता अभियान पर्व को सफल बनाना है।
बैठक में पूर्वांचल मोर्चा अध्यक्ष अवध किशोर त्रिपाठी, किसान मोर्चा अध्यक्ष रघुवीर खत्री, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष सोनू, पूर्वांचल मोर्चा अध्यक्ष राकेश, महिला मोर्चा अध्यक्ष लक्ष्मी, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष प्रदीप सहित सभी महामंत्री मौजूद रहे।