Select Page

लठियाणी-मंदली पुल को लेकर सीएम सुक्खू ने की कदमताल शुरू: विवेक

लठियाणी-मंदली पुल को लेकर सीएम सुक्खू ने की कदमताल शुरू: विवेक

ऊना/राजन पुरी
प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं कुटलैहड़ कांग्रेस नेता विवेक शर्मा ने कहा है कि कांग्रेस ने 32 साल पहले लठियाणी-मंदली पुल बनाने के सपने पर कदम बढ़ाया था और भाजपा ने हमेशा इस पुल को लेकर राजनीति ही की है, लेकिन अब सीएम सुखविंद्र सुक्खू ने इस पर कदमताल शुरू कर दी है और डीपीआर बनाने के आदेश जारी कर दिए हैं।
विवेक ने कहा कि 32 साल पहले तत्कालीन विधायक स्व. पंडित रामनाथ शर्मा के कार्यकाल के दौरान कुटलैहड़ में गोबिंद सागर झील पर लठियाणी-मंदली पुल बनाने को लेकर विचार शुरू हुआ था और तत्कालीन मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह ने इसको लेकर डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने स्वयं यहां निरीक्षण भी किया था। इसी बीच सरकार भाजपा की आई और यह पुल ठंडे बस्ते में चला गया। विवेक शर्मा ने कहा कि वर्ष 2017 में वीरभद्र की कांग्रेस सरकार ने केवल 29 हजार करोड़ का कर्जा छोड़ा था, लेकिन 2022 तक रही भाजपा की जयराम सरकार ने यह कर्जा बढ़ाकर 75 हजार करोड़ रुपए पहुंचा दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपनी ऐशपरस्ती पर ही करोड़ों रुपए खर्च कर दिए। विवेक शर्मा ने कहा कि सुक्खू सरकार ने अब आर्थिक खर्चो पर लगाम कसनी शुरू की है और पूरी बागडोर अपने हाथों में ली है। जल्द ही प्रदेश पर कर्जा कम होगा और रुपया ऐशपरस्ती की बजाए विकास कार्यों पर खर्च होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सुक्खू की अगुवाई में प्रदेश की कांग्रेस सरकार बेहतर कार्य कर रही है। इसी के चलते भाजपा के नेता बेतुकी बयानबाजी करते हुए स्वयं को हसीं का पात्र बना रहे हैं, लेकिन भाजपा को यह समझ लेना चाहिए कि कांग्रेस अपने सभी चुनावी गारंटियों को पूरा करेगी।

Advertisement

Advertisement