
हरियाणा कांग्रेस संगठन का 20 से पहले विस्तार
चंडीगढ़/टीम एक्शन इंडिया
हरियाणा कांग्रेस की संगठन लिस्ट पर हाईकमान ने मोहर लगा दी है। अब 20 फरवरी से पहले ही कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे की घोषणा कर दी जाएगी। गुटबाजी के कारण राज्य में पिछले 8 सालों से सिर्फ प्रदेश अध्यक्ष के सहारे संगठन चल रहा है। लगभग आठ महीने पहले ही हरियाणा कांग्रेस में चौधरी उदयभान को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
जिला-ब्लॉक लेवल की होनी है घोषणा: हरियाणा कांग्रेस में जिला-ब्लॉक लेवल के पदाधिकारियों की घोषणा होनी है। आदमपुर उपचुनाव से पहले ही यह लिस्ट हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने तैयार कर ली थी, लेकिन गुटबाजी के कारण यह लिस्ट जारी नहीं की जा सकी। पार्टी आलाकमान ने विरोध को देखते हुए दिल्ली में सभी नेताओं से विचार विमर्श करने के बाद अब लिस्ट पर अंतिम मोहर लगा दी है।
उदयभान ने की पुष्टि: हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि केंद्रीय स्तर पर सब कुछ फाइनल हो गया है। अब सिर्फ घोषणा का इंतजार है। उन्होंने कहा कि कभी भी केंद्रीय नेतृत्व संगठन की लिस्ट जारी कर सकता है। गुटबाजी को लेकर उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है।
8 साल में बन चुके तीन प्रदेश अध्यक्ष: हरियाणा कांग्रेस में 8 साल में 3 प्रदेश अध्यक्ष बन चुके हैं। इन 8 सालों में कोई भी प्रदेश अध्यक्ष संगठन को खड़ा नहीं कर पाया है। गुटबाजी के कारण अब तक जिलाध्यक्ष व ब्लॉक अध्यक्षों के अलावा प्रदेश कार्यकारिणी तक का भी गठन नहीं हो पाया है। गुटबाजी को लेकर आलाकमान भी अपनी नजरें गड़ाए हुए है।
हाथ से हाथ जोड़ो अभियान में आएगी तेजी: हरियाणा में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बाद हाथ से हाथ जोड़ो अभियान शुरू हो चुका है। जिला और ब्लॉक स्तर पर संगठन नहीं होने के कारण हाथ से हाथ जोड़ो अभियान में दिक्कत आ रही हैं, लेकिन अब संगठन मिलने के साथ ही अभियान में तेजी आएगी। उदयभान ने बताया कि जल्द ही राज्य की 90 विधानसभा सीटों में अभियान का असर दिखाई देने लगेगा।
33 बनने हैं जिला अध्यक्ष: प्रदेश में 22 जिले हैं, लेकिन हरियाणा कांग्रेस कुछ बड़े जिलों में 2 जिलाध्यक्षों की नियुक्ति करेगी। बताया जा रहा है कि 22 जिलों में 33 जिलाध्यक्ष बनाए जाएंगे। शहरी और ग्रामीण जिलाध्यक्ष अलग-अलग बनाए जाएंगे। अंबाला जिले में 3 जिलाध्यक्ष होंगे। इसी प्रकार से 180 ब्लॉक के प्रधान बनाए जाने हैं।
करीब इतने ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य भी बनाए जाएंगे।