राष्ट्रीय

जीतू मुंडा की बदली किस्मत, बैंक खाते में आए 20 लाख रुपये

भुवनेश्वर

ओडिशा के जीतू मुंडा की जिंदगी में अब खुशियों ने दस्तक देनी शुरू कर दी है. कुछ समय पहले तक गरीबी से जूझ रहे जीतू की तस्वीर ने पूरे देश को झकझोर दिया था. वह अपनी मृत बहन का शव कंधे पर लेकर बैंक पहुंच गए थे, ताकि उसके खाते में जमा पैसे निकाल सकें. इस घटना ने बैंकिंग व्यवस्था और गरीबों की मुश्किलों को लेकर देशभर में चर्चा छेड़ दी थी. लेकिन अब उसी जीतू मुंडा की जिंदगी एक नया मोड़ ले चुकी है. कुछ लोगों और संस्थाओं की मदद से उनके बैंक खाते में करीब 20 लाख रुपये जमा हुए हैं. आर्थिक मदद मिलने के बाद अब जीतू अपना पक्का घर बनवा रहे हैं। 

बहन का शव कंधे पर लेकर बैंक पहुंचे थे जीतू
जीतू मुंडा ओडिशा के क्योंझर जिले के पटना ब्लॉक के दियानाली गांव के रहने वाले हैं. बहन की मौत के बाद उनके खाते में जमा पैसे निकालने के लिए जीतू को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था. इसी परेशानी के बीच वह अपनी बहन का शव कंधे पर लेकर बैंक पहुंच गए थे, ताकि साबित कर सकें कि बहन की मौत हो चुकी है. उनकी यह तस्वीर सामने आने के बाद पूरे देश में हलचल मच गई थी। 

एक तरफ बहन को खोने का दुख था, तो दूसरी तरफ आर्थिक तंगी और बैंक से पैसे निकालने की जद्दोजहद. जीतू की बेबसी ने देशभर के लोगों का ध्यान खींचा था. इसके बाद अलग-अलग लोगों, संगठनों और संस्थाओं ने उनकी मदद के लिए हाथ बढ़ाया। 

लोगों ने बढ़ाया मदद का हाथ, खाते में आए करीब 20 लाख
जिस जीतू की जिंदगी कभी आर्थिक तंगी में गुजर रही थी, अब उनके बैंक खाते में करीब 20 लाख रुपये जमा हो चुके हैं. यह रकम अलग-अलग लोगों, संगठनों और संस्थाओं की ओर से दिए गए योगदान से मिली है. इस आर्थिक मदद ने जीतू को अपनी जिंदगी नए सिरे से संवारने का मौका दिया है। 

अब वह अपनी बहन के घर में रहने के बजाय अपने लिए एक स्थायी मकान बनवा रहे हैं. उनके घर का निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है. छत की ढलाई और प्लास्टर का काम पूरा हो चुका है. अब केवल फर्श का काम बाकी है। 

घर बनाने में 5 लाख रुपये खर्च
जीतू मुंडा के नए पक्के मकान के निर्माण पर अब तक करीब 5 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं. घर को पूरी तरह तैयार करने के लिए लगभग 5 लाख रुपये और खर्च होने का अनुमान है. फर्श का काम पूरा होने के बाद उनका नया घर रहने के लिए तैयार हो जाएगा। 

कभी अपनी बुनियादी जरूरतों के लिए संघर्ष करने वाले जीतू के लिए यह मकान सिर्फ ईंट और सीमेंट की इमारत नहीं, बल्कि मुश्किल दौर के बाद मिली नई शुरुआत का प्रतीक है. बहन की मौत के बाद सामने आई उनकी बेबसी ने देशभर के लोगों को भावुक कर दिया था. अब उन्हीं लोगों की मदद से जीतू अपने सिर पर एक पक्की छत बनाने का सपना पूरा करने की ओर बढ़ रहे हैं। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button