
पदक लाने में हरियाणा देश में पहले स्थान पर है : नायब सैनी
चंडीगढ़ । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सोमवार को गुरुग्राम पहुंचकर पर्वतारोही नरेंद्र सिंह यादव की फ्लैग ऑफ सेरेमनी में शामिल हुए और नरेंद्र यादव को अमेरिका रवाना करने के लिए हरी झंडी दिखाई। श्री सैनी ने पर्वतारोही नरेंद्र को नॉर्थ अमेरिका की सबसे ऊंची चोटी द माउंट देनाली की फास्टेस्ट चढ़ाई करने के लिए शुभकामनाएं भी दी।
सेक्टर-51 में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचने पर आयोजकों ने सीएम सैनी का स्वागत किया और स्मृति चिन्ह भेंट किया।
नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा के स्कूलों में बनी खेल नर्सरियों के माध्यम से सरकार साहसी युवाओं को जीरो ग्राउंड से आगे बढ़ाने का काम कर रही है। जीरो ग्राउंड से हमारा युवा ऊपर उठकर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का नाम ऊँचा कर रहा है। सीएम सैनी ने कहा कि अपनी मेहनत के दम पर हमारे खिलाड़ियों ने एक मुकाम हासिल किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 के बाद भाजपा सरकार की खेल पॉलिसी की बदौलत गोल्ड मेडल, रजत और कांस्य पदक लाने में देश के अंदर हरियाणा पहले स्थान पर है।
युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार साहसी युवाओं के साथ है। उन्होंने कहा सरकार ने ऐसे साहसी युवाओं के लिए भी ठोस कदम उठाए हैं जो रोमांचक गतिविधियों में भाग लेते हैं। विश्व की 10 सबसे उंची चोटियों को फतह करने वाले पर्वतारोहियों को सरकार पांच लाख रुपये दे रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एडवंचर स्पोर्ट को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने एडवंचर स्पोर्ट का गठन भी किया है ताकि युवाओं को आगे बढ़ाया जा सके। मुख्यमंत्री ने सबसे कठिन चोटी को फतह करने के लिए पर्वतारोही नरेंद्र यादव को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि नरेंद्र जैसे साहसी युवाओं से अन्य युवाओं को भी प्रेरणा मिलती है।




