अन्य राज्यराजस्थान

चूरू में भीषण सड़क हादसा, सालासर से पुष्कर जा रहे तीन श्रद्धालुओं की मौत

 चूरू
राजस्थान के चूरू जिले के सुजानगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बोबासर पुलिया पर एक दर्दनाक और भीषण सड़क हादसा सामने आया है। सालासर बालाजी के दर्शन कर धार्मिक नगरी पुष्कर की ओर जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक टेम्पो ट्रैवलर की तेज रफ्तार ट्रेलर से आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में टेम्पो ट्रैवलर में सवार एक ही परिवार की तीन महिलाओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 13 अन्य श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे का शिकार हुए सभी लोग पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के निवासी बताए जा रहे हैं।

सालासर से पुष्कर जा रहा था कोलकाता का परिवार
मिली जानकारी के अनुसार, कोलकाता निवासी एक ही परिवार के कुल 17 लोग टेम्पो ट्रैवलर किराए पर लेकर राजस्थान के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा पर आए हुए थे। वे सालासर बालाजी मंदिर में पूजा-अर्चना और दर्शन करने के बाद अजमेर जिले के पुष्कर धाम जा रहे थे।

इसी दौरान सुजानगढ़ के पास बोबासर पुलिया पर सामने से आ रहे एक ट्रेलर ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेम्पो ट्रैवलर का अगला हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया।

चीख-पुकार सुनकर दौड़े राहगीर
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय राहगीरों और आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे की सूचना मिलते ही सुजानगढ़ एसडीएम (SDM) ओमप्रकाश वर्मा, डीवायएसपी (DYSP) दरजाराम पुलिस जाब्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त गाड़ी में फंसे घायलों और मृतकों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। सभी 13 घायलों को तुरंत एम्बुलेंस की मदद से राजकीय बगड़िया अस्पताल, सुजानगढ़ ले जाया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनके इलाज में जुटी हुई है। गंभीर रूप से घायल मरीजों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

एक ही परिवार में पसरा मातम
पुलिस के अनुसार, मृतकाएं पश्चिम बंगाल (कोलकाता) की रहने वाली थीं और सभी आपस में एक ही परिवार की सदस्य थीं। धार्मिक यात्रा पर निकले इस परिवार की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। पुलिस ने मृतकों के शवों को मॉर्च्युरी में रखवा दिया है और उनके परिजनों को कोलकाता सूचना भेज दी गई है। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित हुआ, जिसे पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर सुचारू करवाया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button