हिमाचल प्रदेश

उद्योग मंत्री ने की जिला स्तरीय शिकायत निवारण समिति बैठक की अध्यक्षता

एसपी जैरथ
नाहन: जिला सिरमौर के नाहन स्थित बचत भवन में आज जिला स्तरीय शिकायत निवारण समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता उद्योग, संसदीय मामले, श्रम एवं रोजगार मंत्री तथा जिला स्तरीय शिकायत निवारण समिति के अध्यक्ष हर्षवर्धन चौहान ने की।

उद्योग मंत्री ने जल शक्ति महकमे को चंदोल उपमंडल के अंतर्गत आने वाली सभी पंचायतों की पीसी बस्तियों को उठाऊ पेयजल योजना का कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने खाला क्यार में उठाऊ पेयजल एवं सिंचाई योजना को सुचारू करने व ग्राम पंचायत कटाह शीतला को दुरूस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने नेरीपुल-पुलवाहन सडक को ब्लैक स्पॉट में लेकर कार्य करने को कहा।

उद्योग मंत्री ने कहा कि प्रदेश में शिकायत निवारण समिति सरकार और जनता की दूरी को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।उन्होंने उम्मीद जताई है कि बैठक के माध्यम से लोगों की समस्याओं का शीघ्र समाधान हो सकेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता प्रदेश में रिक्त पदों को भरना है। प्रदेश में शिक्षा को सुदृढ करने के लिए अध्यापक भर्ती की संख्या में बढोतरी की गई है।

उपायुक्त सिरमौर सुमित खिमटा ने बैठक के अध्यक्ष तथा अन्य विशिष्ट अतिथियों का स्वागत किया और कहा कि हिमाचल प्रदेश के लोगों को पारदर्शी एवं उत्तरदायी प्रशासन प्रदान करने की प्रतिबद्धता को पूरा करते हुए हिमाचल प्रदेश में शिकायत निवारण समिति का गठन किया गया। उन्होंने कहा कि शिकायत निवारण समिति का उद्देश्य है कि समिति के माध्यम से जन शिकायतों के त्वरित निपटारे को प्राथमिकता प्रदान करते हुए उत्तरदायी एवं संवेदनशील शासन सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि जिला सिरमौर के लोगों द्वारा प्राप्त शिकायत और मांगों का त्वरित एवं प्रभावी निदान सुनिश्चित करने के लिए आज जिला स्तरीय शिकायत निवारण समिति की बैठक का आयोजन किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button