अन्य राज्यपंजाब

कुल्लू घाटी के ‘अमरफल’ अब देशभर में पहुंचेंगे, लुधियाना से पहली खेप रवाना

जैतो/फिरोजपुर.

उत्तर रेलवे के फिरोजपुर रेल के मंडल प्रबंधक संजीव कुमार के मार्गदर्शन में फिरोजपुर मंडल के बिजनेस डिवैल्पमैंट यूनिट के विशेष प्रयासों से पर्सिमोन फलों की रेल मार्ग से ढुलाई के लिए नया यातायात प्राप्त किया गया है।

लुधियाना से 98 पैकेटों में 2,600 किलोग्राम पर्सिमोन हावड़ा के लिए लोड किए गए। हिमाचल के कुल्लू सहित ठंडे बागवानी क्षेत्रों में किसान पर्सिमोन की खेती अपना रहे हैं, क्योंकि इसमें कम लागत, बेहतर मूल्य और बढ़ती घरेलू मांग की संभावना हैं। पर्सिमोन जिसे ‘जापानी फल’ या ‘अमरफल’ के नाम से भी जाना जाता है, इसमें विटामिन-सी, फाइबर और एंटीऑक्सीडैंट से भरपूर, कम कैलोरी वाला पौष्टिक फल है और बदलती जलवायु में सेब की तुलना में अधिक अनुकूल माना जाता है। फिरोजपुर मंडल के बिजनेस डिवैल्पमैंट यूनिट द्वारा किए गए प्रयासों के फलस्वरूप हिमाचल प्रदेश से आने वाले पर्सिमोन फलों का यातायात लुधियाना से रेल के माध्यम से प्राप्त किया गया है।

वर्तमान में हावड़ा, कोलकाता और सियालदह के लिए पर्सिमोन भेजे जा रहे हैं, जबकि आने वाले दिनों में पटना और गुवाहाटी जैसे अन्य प्रमुख गंतव्यों को भी इसमें शामिल किया जाएगा। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/फ्रेट परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि फिरोजपुर मंडल की विश्वसनीय एवं समयबद्ध माल परिवहन व्यवस्था व्यापारियों को बेहतर सुविधा प्रदान कर रही है। मंडल माल यातायात बढ़ाने तथा पर्यावरण-अनुकूल परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button