लाइफस्टाइल

गुजरात की मशहूर लसनिया बटाटा सब्जी घर पर बनाएं, लहसुन-मसालों से मिलेगा जबरदस्त स्वाद

आलू की सब्जी तो अक्सर ही घरों में बनाई जाती है, मगर गुजरात के काठियावाड़ में लहसुन डालकर आलू की मसालेदार सब्जी का स्वाद एक बार चखने के बाद आप बार-बार उसको बनाएंगे. आलू की सब्जी का स्वाद काफी अलग होता है और इसे रोटी और चावल दोनों के साथ आप मजे से खा सकते हैं.

अगर आप भी रोज-रोज एक जैसी आलू की सब्जी खाकर बोर हो गए हैं तो आप घर पर आसानी से  काठियावाड़ी स्टाइल लसनिया बटाटा बना सकते हैं. लसनिया बटाटा गुजरात के काठियावाड़ क्षेत्र की एक पारंपरिक डिश है. गुजराती भाषा में लसनिया का मतलब लहसुन और बटाटा का मतलब आलू होता है. जैसा कि इसके नाम से ही पता चलता है, इस सब्जी में लहसुन का भरपूर इस्तेमाल किया जाता है.

लसनिया बटाटा बनाने के लिए सामग्री
    छोटे आलू – 500 ग्राम
    लहसुन – 15-20 कलियां
    टमाटर – 2 मध्यम आकार के
    हरी मिर्च – 2
    लाल मिर्च पाउडर – 1 छोटा चम्मच
    धनिया पाउडर – 1 छोटा चम्मच
    हल्दी – आधा छोटा चम्मच
    जीरा – आधा छोटा चम्मच
    राई – आधा छोटा चम्मच
    हींग – एक चुटकी
    गरम मसाला – आधा छोटा चम्मच
    तेल – जरूरत के अनुसार
    नमक – स्वादानुसार
    हरा धनिया – सजाने के लिए

कैसे बनाएं काठियावाड़ी लसनिया बटाटा?

  • सबसे पहले छोटे आलुओं को अच्छी तरह धोकर कुकर में उबाल लें. ध्यान रखें कि आलू बहुत ज्यादा न गलें. ठंडा होने पर इनके छिलके उतार लें. अब कांटे की मदद से आलुओं में हल्के छेद कर दें, ताकि मसालों का स्वाद अंदर तक पहुंच सके.
  • एक कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें और उसमें आलुओं को हल्का सुनहरा होने तक भून लें. इससे आलुओं का स्वाद और बेहतर हो जाएगा. अब इन्हें एक प्लेट में निकालकर रख दें.
  • लहसुन की कलियों, हरी मिर्च और टमाटर को मिक्सर में डालकर दरदरा पेस्ट तैयार कर लें. ध्यान रखें कि पेस्ट बहुत ज्यादा पतला न हो. अब कड़ाही में थोड़ा तेल डालें.
  • जब तेल गर्म हो जाए तो इसमें राई, जीरा और हींग डालकर चटकने दें. इसके बाद तैयार लहसुन-टमाटर का पेस्ट डालें और लो फ्लेम पर अच्छी तरह भूनें.
  • अब इसमें हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और नमक डालकर मसालों को अच्छी तरह पकाएं. जब मसाले से तेल अलग होने लगे, तब इसमें भुने हुए आलू डाल दें.
  • आलुओं को मसाले के साथ अच्छी तरह मिलाएं. अब जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डालकर सब्जी को पांच से सात मिनट तक लो फ्लेम पर पकने दें. आखिर में गरम मसाला और बारीक कटा हरा धनिया डालकर गार्निश कर दें.

रोटी-चावल के साथ परोसे सब्जी
काठियावाड़ी लसनिया बटाटा को आप गरमा-गरम बाजरे की रोटी, ज्वार की रोटी, गेहूं की रोटी या पराठे के साथ परोस सकते हैं. इसके साथ थोड़ा दही, छाछ या प्याज का सलाद हो तो इसका स्वाद डबल हो जाता है. अगर आपको तीखा और चटपटा खाना पसंद है, तो गुजरात की यह पारंपरिक आलू की सब्जी बहुत पसंद आएगी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button