दिल्ली

नरेला: तीज महोत्सव व राखी प्रदर्शनी का हुआ भव्य आयोजन

टीम एक्शन इंडिया
नई दिल्ली: बाहरी दिल्ली के नरेला में वीरवार को रेलवे रोड़ स्थित नंदीमल धर्मशाला में गोपाल सखी मंडल नरेला द्वारा तीज महोत्सव एवं राखी प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया।

प्रदर्शनी में डिजाइनर राखी, बैग्स, आकर्षक आभूषण, सजावटी सामान, किचन वेयर व खानपान आदि वस्तुओं के 40 से ज्यादा स्टाल लगाए गए। जिनमें महिलाओं ने जमकर खरीदारी की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वार्ड एक से निगम पार्षद श्वेता कमल खत्री द्वारा फीता काटकर किया गया। गोपाल सखी मंडल की पदाधिकारियों अनुराधा गुप्ता, अनु बंसल, राजरानी बंसल, सीमा सिंघल ने मुख्य अतिथि निगम पार्षद श्वेता कमल खत्री का माल्यार्पण कर, पुष्पगुच्छ, सुंदर उपहार भेंटकर स्वागत सम्मान किया।

इस दौरान निगम पार्षद श्वेता कमल खत्री ने प्रदर्शनी में लगे स्टालों से खरीदारी की और भव्य कार्यक्रम के आयोजन के लिए गोपाल सखी मंडल को बधाई दी, और कहा कि तीज का त्योहार आपसी भाईचारे और प्रेम को बढ़ाने का त्यौहार है। लेकिन आज के समय में पारंपरिक और सांस्कृतिक त्यौहार लगातार समाप्ति की ओर बढ़ रहे हैं। इसका कारण युवा पीढ़ी में इन त्योहारों को लेकर अज्ञानता है।

उन्होंने कहा कि इन त्योहारों को विलुप्त होने से बचाने के लिए इस तरह के आयोजन बहुत जरूरी है। वही अति विशिष्ट अतिथि विनोद बंसल ने सफल आयोजन के लिए गोपाल सखी मंडल की पूरी टीम को बधाई दी और कहा कि तीज त्योहार हमारे जीवन में आपसी सद्भाव, भाईचारे के रंग भरते हैं और यह हमारे देश की महान प्राचीन सभ्यता संस्कृति एवं परंपराओं के परिचायक हैं। आयोजन से जुड़ी अनुराधा गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि गोपाल सखी मंडल द्वारा हर वर्ष तीज महोत्सव एवं राखी प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया जाता है। तीज का त्योहार महिलाओं में उत्साह का संचार करता है ।

इस मौके पर कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में समाजसेवी कमल खत्री, प्रधान विनोद बंसल, दिनेश गुप्ता ,बंटी गर्ग, राजकुमार गोयल, संजय बंसल, दीपक गर्ग, धर्मपाल जिंदल सहित सैकड़ो की संख्या में महिलाएं मौजूद रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button