
जांजगीर-चांपा में HPCL के नाम पर डुप्लीकेट तेल बेचने वालों पर पुलिस की रेड, 2.50 लाख का माल जब्त
जांजगीर-चांपा। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी (HPCL) के नाम और पैकिंग का कथित तौर पर दुरुपयोग कर डुप्लीकेट तेल बेचने के मामले में जांजगीर-चांपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सिटी कोतवाली और चांपा पुलिस की संयुक्त टीमों ने संदिग्ध दुकानों पर रेड कर तीन दुकान संचालकों के कब्जे से बड़ी मात्रा में डुप्लीकेट तेल बरामद किया है। पुलिस ने कुल 56 नग डुप्लीकेट तेल, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये है, जब्त किया है।
शिकायत के बाद पुलिस ने की छापेमारी
पुलिस के अनुसार, जिले में कंपनी के नाम पर नकली और डुप्लीकेट उत्पादों की बिक्री की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क और नगर पुलिस अधीक्षक जांजगीर योगिता बाली खापर्डे के निर्देशन में सिटी कोतवाली और चांपा थाना पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर संदिग्ध दुकानों की जांच शुरू की।
56 नग डुप्लीकेट तेल बरामद
कार्रवाई के दौरान पुलिस टीमों ने तीन दुकान संचालकों के कब्जे से हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी के नाम और पैकिंग में रखे डुप्लीकेट तेल बरामद किए। जब्त सामग्री में 44 नग बड़े बकेट और 12 नग छोटे केन, यानी कुल 56 नग शामिल हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 2,50,000 रुपये बताई गई है। पुलिस द्वारा जब्त उत्पादों के दस्तावेज, बिक्री संबंधी जानकारी और उनकी प्रामाणिकता की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया अधिकृत कंपनी के उत्पाद के नाम का कथित तौर पर दुरुपयोग कर ग्राहकों को डुप्लीकेट तेल बेचे जाने की बात सामने आई है।
इन तीन दुकान संचालकों पर कार्रवाई
पुलिस ने जिन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है, उनकी पहचान इस प्रकार बताई गई है—
कौशल अग्रवाल, पिता स्व. देवदत्त अग्रवाल, उम्र 50 वर्ष, निवासी स्टेशन रोड, बरपाली चौक, चांपा।
अमन शर्मा, पिता अशोक शर्मा, उम्र 32 वर्ष, निवासी नेताजी चौक, जांजगीर।
नीरज अग्रवाल, पिता स्व. बद्री प्रसाद अग्रवाल, उम्र 51 वर्ष, निवासी दुर्गा ऑटोमोबाइल, चांपा।
मामले में संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही जब्त उत्पादों का सत्यापन और जांच भी कराई जा रही है।
पुलिस ने लोगों से की अपील
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी नकली या डुप्लीकेट उत्पादों की बिक्री की जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नकली और डुप्लीकेट सामान की बिक्री के खिलाफ आगे भी लगातार जांच और कार्रवाई जारी रहेगी।
इन पुलिसकर्मियों का रहा विशेष योगदान
पूरी कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता (थाना प्रभारी सिटी कोतवाली), निरीक्षक अशोक वैष्णव (थाना चांपा), उप निरीक्षक उमेंद्र मिश्रा, प्रशिक्षु उप निरीक्षक चंद्रवंशी, उप निरीक्षक भवानी सिंह चौहान, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमारी, मुकेश कुमार पांडेय, प्रधान आरक्षक राकेश तिवारी, प्रकाश चंद्र राठौर, आरक्षक प्रकाश राठौर, संतुका और विनोद राठौर का विशेष योगदान रहा।




