अन्य राज्यपंजाब

पंजाब पुलिस ने बड़ी साजिश नाकाम की, वारदात से पहले 5 बदमाश हथियारों सहित दबोचे

फरीदकोट.

थाना सदर फरीदकोट पुलिस ने एक बड़ी वारदात होने से पहले कार्रवाई करते हुए लूट की योजना बनाने के आरोप में पांच लोगों को धारदार हथियारों सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सदर फरीदकोट में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह जानकारी डीएसपी तरलोचन सिंह तथा थाना सदर फरीदकोट के प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने दी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनमोहनजीत सिंह और लखविंदर सिंह निवासी गांव शेर सिंह वाला, मोहितप्रीत सिंह और राजविंदर सिंह निवासी गांव महिमूआणा तथा हरमेल सिंह निवासी गांव बहलेवाला, जिला फरीदकोट के रूप में हुई है। डीएसपी तरलोचन सिंह और इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि सहायक थाना प्रभारी गुरबख्श सिंह पुलिस पार्टी के साथ गांव मचाकी कलां बस स्टैंड के पास संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रहे थे।

इसी दौरान एक विश्वसनीय मुखबिर ने सूचना दी कि उक्त व्यक्ति, जिनके खिलाफ पहले भी विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं, फरीदकोट-सादिक मुख्य मार्ग पर आदेश कॉलेज के निकट गांव महिमूआणा के पास स्थित पुल की पटरी पर एकत्र होकर राहगीरों को लूटने की योजना बना रहे हैं। मुखबिर ने यह भी बताया कि उनके पास धारदार हथियार मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर दबिश देकर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक कृपाण, एक गंडासी, एक लोहे की पाइप तथा दो कापे बरामद किए गए, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में ले लिया।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ लूट की योजना बनाने तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करने की कार्रवाई की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे पहले किसी अन्य आपराधिक वारदात में शामिल रहे हैं या नहीं। मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button