खेल-खिलाड़ी

रिंकू सिंह बन सकते हैं KKR के नए कप्तान, इरफान पठान ने जताया भरोसा

कोलकाता 

 भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान का मानना है कि रिंकू सिंह को कोलकाता नाइट राइडर्स का नया कप्तान बनाया जा सकता है. तीन बार की चैंपियन केकेआर आईपीएल की आगामी नीलामी में अपनी टीम की कमजोरियों को दूर करने की तैयारी कर रही है. अजिंक्य रहाणे के संन्यास के बाद केकेआर 16 दिसंबर को गोवा में होने वाली नीलामी से पहले नए कप्तान की तलाश में है। 

इरफान पठान (Irfan Pathan) ने ‘जियोस्टार’ पर कहा, ‘‘रिंकू सिंह (Rinku Singh) को केकेआर का कप्तान बनाने को लेकर काफी चर्चा हो रही है. फिलहाल टीम में नेतृत्व के ज्यादा विकल्प नहीं हैं. ऐसे में रिंकू सबसे बेहतर विकल्प नजर आते हैं। 

वडोदरा के 42 वर्षीय पूर्व क्रिकेटर ने कहा कि फ्रेंचाइजी नीलामी में किसी खिलाड़ी को खरीदकर उसे भी कप्तानी की जिम्मेदारी सौंप सकती है जिसमें उन्होंने वेस्टइंडीज के शाई होप को इस भूमिका के लिए एक विकल्प बताया। 

पठान ने कहा, ‘वे नीलामी से भी किसी कप्तान को खरीदने के बारे में सोच सकते हैं. अगर ऐसा होता है तो मेरे दिमाग में सिर्फ एक नाम आता है और वह शाई होप का है. उन्होंने हाल में भारत के खिलाफ सीरीज खेली और अच्छा प्रदर्शन किया. अगर केकेआर चाहे तो इस विकल्प पर भी विचार कर सकती है, लेकिन टीम प्रबंधन के काम करने के तरीके को देखते हुए मुझे लगता है कि रिंकू ही नए कप्तान बनेंगे। 

भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा (Aakash Chopra) ने भी कप्तानी के लिए रिंकू का समर्थन किया जो पिछले सत्र में केकेआर के उपकप्तान थे. चोपड़ा ने सुनील नारायण को भी कप्तानी का एक विकल्प बताया.  चोपड़ा ने कहा, ‘अगर केकेआर रिंकू को कप्तान बनाने का फैसला करती है तो उनके पास यही सबसे अच्छा विकल्प है. पिछले साल उन्हें उपकप्तान बनाया गया था जिससे उनकी दावेदारी और मजबूत हो जाती है. नारायण भी एक विकल्प हैं। वह पहले भी कप्तानी कर चुके हैं और इस जिम्मेदारी के लिए बुरा विकल्प नहीं होंगे। 

चोपड़ा ने हालांकि ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन को 25.20 करोड़ रुपये में टीम में बनाए रखने के केकेआर के फैसले पर सवाल उठाए.  उन्होंने कहा, ‘मैं ग्रीन को टीम से बाहर नहीं करने के फैसले से थोड़ा हैरान हूं क्योंकि 25.20 करोड़ रुपये बहुत बड़ी रकम है. नीलामी में केकेआर के पास 41 करोड़ रुपये का पर्स है. अगर वे ग्रीन को रिलीज कर देते तो उनके पास ज्यादा पैसा होता और वे उन्हें काफी कम कीमत पर दोबारा खरीद सकते थे। इस नीलामी में कोई भी ग्रीन पर 25 करोड़ रुपये खर्च नहीं करता। 

चोपड़ा ने कहा, ‘मैंने सुना है कि केकेआर ने ग्रीन को ट्रेड के जरिए दूसरी टीम को देने की कोशिश की थी, लेकिन किसी भी टीम ने उन्हें लेने में दिलचस्पी नहीं दिखाई. ज्यादातर फ्रेंचाइजी ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया क्योंकि वह ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी हैं और आईपीएल के तुरंत बाद एशेज श्रृंखला होनी है। ऐसे में उनकी उपलब्धता को लेकर संशय है। 

उन्होंने कहा, ‘इसलिए मुझे हैरानी है कि केकेआर ने अब भी उन्हें टीम में बनाए रखा है. आगे पता चलेगा कि यह फैसला सही साबित होता है या गलत. यह भी देखना होगा कि वह कितनी गेंदबाजी करते हैं और कितने मैचों के लिए उपलब्ध रहते हैं क्योंकि वह चोटों से काफी परेशान रहे हैं। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button