
15 अगस्त तक LPG ई-केवाईसी नहीं कराई तो बंद होगी सब्सिडी, बढ़ेगी मुश्किल
साहिबगंज
केंद्र सरकार 15 अगस्त तक ई-केवाईसी नहीं कराने वाले घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं की सब्सिडी बंद कर सकती है। एलपीजी कंपनियों ने सभी गैस वितरकों को इस संबंध में निर्देश दे दिया है। भविष्य में होने वाली समस्याओं से बचने के लिए सभी गैस वितरकों को इस कार्य में तेजी लाने तथा गंभीरता से काम करने का निर्देश दिया गया है।
जिले में पांच अगस्त तक करीब 60 प्रतिशत उपभोक्ताओं की ही ई-केवाईसी हो पाई थी। अब भी करीब 40 प्रतिशत उपभोक्ताओं ने ई-केवाईसी नहीं कराई है। अब ई-केवाईसी की रफ्तार भी काफी धीमी पड़ गई है। गैस वितरकों को दिए गए निर्देश में कहा गया है कि 15 अगस्त तक ई-केवाईसी नहीं कराने पर संबंधित ग्राहकों को वाणिज्यिक दर पर गैस दी जाएगी।
वर्तमान में 14 किलो के एलपीजी गैस की कीमत 999 रुपये है। सामान्य उपभोक्ताओं को 37 रुपये तो उज्जवला योजना के तहत कनेक्शन लेने वालों को 337 रुपया सब्सिडी के रूप में मिलती है।
जिले में करीब 2.60 लाख एलपीजी उपभोक्ता हैं। इनमें करीब 73 हजार सामान्य तो करीब एक लाख 86 हजार उज्जवला योजना के लाभ़ुक हैं। ई-केवाईसी कराने के लिए उपभोक्ताओं के रजिस्टर्ड मोबाइल पर मैसेज भी भेजा जा रहा है।
पांच मिनट में हो जाती है ई-केवाईसी
ई-केवाईसी पांच मिनट की प्रक्रिया है। उपभोक्ता अपनी एजेंसी में जाकर पांच मिनट में इसे करा सकते हैं। एजेंसी में उपभोक्ताओं को अपना उपभोक्ता संख्या बताना पड़ता है। एजेंसी कर्मी सभी सूचनाओं की जांच करता है और बायोमेट्रिक अंगूठा लगवाता है।
इसके अलावा उपभोक्ता संबंधित कंपनी के एप से इसे खुद भी कर सकते हैं। इंडियन ऑयल ने इसके लिए इंडियन ऑयल वन ऐप बनाया है। भारत पेट्रोलियम व एचपी गैस का भी अपना ऐप है। इसके माध्यम से भी ई-केवाईसी किया जा सकता है
सभी एलपीजी उपभोक्ता अपना ई-केवाईसी अनिवार्य रूप से करा लें वरना 15 अगस्त के बाद घरेलू दर पर गैस नहीं मिलेगी। इससे आपकी परेशानी बढ़ सकती है। अपनी एजेंसी में जाएं और पांच मिनट में यह करा लें। एप से घर बैठे भी यह किया जा सकता है। इसके लिए कंपनी में निबंधित मोबाइल नंबर पर एसएमएस भी भेजा गया है। – अपूर्व मित्तल, एरिया सेल्स मैनेजर इंडेन एलपीजी




