
फेडरेशन आॅफ नरेला ने किया पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन
टीम एक्शन इंडिया
नई दिल्ली: बाहरी दिल्ली के नरेला में पाना उद्यान स्थित दिल्ली निगम उत्कृष्ट बालिका/बाल विद्यालय में बाहरी दिल्ली की प्रमुख सामाजिक, सांस्कृतिक संस्था फेडरेशन आॅफ नरेला सब सिटी ने दिल्ली नगर निगम के उद्यान विभाग के सहयोग से पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वार्ड एक नरेला से निगम पार्षद श्वेता कमल खत्री मौजूद रही। इस दौरान 20 से ज्यादा फलदार, छायादार पौधे लगाए गए और लोगों से ज्यादा से ज्यादा पौधारोपण कर उनकी सुरक्षा करने का आवाहन किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि श्वेता कमल खत्री ने फेडरेशन आॅफ नरेला व उद्यान विभाग के कार्यक्रम की सराहना की ओर कहा कि विकास की आपाधापी में पेड़ों की अंधाधुंध कटाई ने पर्यावरण के संतुलन को बिगाड़ा है।
पर्यावरण की सुरक्षा के लिए हम सभी को जागरूक होना होगा, तभी हम पर्यावरण की सुरक्षा कर सकते हैं। इसके लिए अधिक से अधिक पौधारोपण किया जाना जरूरी है। साथ ही संकल्प लेना होगा कि पौधों की सुरक्षा कर हम उसे पेड़ बनाएंगे। फेडरेशन आॅफ नरेला के अध्यक्ष जोगेंद्र दहिया ने जानकारी देते हुए बताया कि संस्था द्वारा समय-समय पर पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है।
उन्होंने सभी से पौधारोपण का आवाहन किया और कहा कि वृक्ष जीवन का आधार है। इसके बिना हम जीवन की कल्पना भी नहीं कर सकते। उन्होंने हर व्यक्ति से इस बरसात के मौसम में कम से कम दो पौधे लगाने व उनकी सुरक्षा करते हुए पेड़ का रूप देने की अपील की। पौधारोपण कार्यक्रम में उद्यान विभाग के कर्मचारी, दिल्ली निगम उत्कृष्ट बालिका बाल विद्यालय का पूरा स्टाफ, फेडरेशन आॅफ नरेला के अध्यक्ष जोगिंदर दहिया,नरेश कुमार सैनी, सतीश कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।