
हमें भूजल बचाने के लिए जमीनी स्तर पर प्रयास करने होंगे : राजीव कुमार
टीम एक्शन इंडिया
राजकुमार प्रिंस
करनाल। भूजल जैसी प्राकृतिक संपदा को भविष्य के लिए सुरक्षित करने हेतु तेजी से प्रयास करने होंगे। उपरोक्त शब्द प्रसिद्ध पर्यावरणविद, राष्ट्रीय अवार्डी तथा अटल भूजल योजना करनाल के सूचना, शिक्षा एवं संचार विशेषज्ञ राजीव कुमार शर्मा ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गांव टपराना के शिव मंदिर में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि हमें भूजल बचाने का प्रयास तेज करने होंगे अन्यथा हमें भविष्य में जल संकट से जूझना पड़ सकता है। ग्रामीण स्तर पर इस दिशा में अटल जल सहेली व स्कूली बच्चे भी युवा राजदूत के रूप में बेहतरीन भूमिका अदा कर सकते हैं।
आज समय रहते हमें सबको इस दिशा में सार्थक व सकारात्मक भूमिका निभानी होगी और भूजल की एक-एक बूंद की कीमत को समझना होगा। उन्होंने भूजल के प्रति ज्यादा से ज्यादा जागरूकता फैलाने की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने कहा कि हमें भूजल बचाने के लिए जमीनी स्तर पर प्रयास करने होंगे, इसके लिए घरेलू स्तर पर भी छोटे-छोटे प्रयास करने होंगे। विशेषकर कृषि क्षेत्र में किसानों को नई-नई तकनीकों व नये तरीकों को अपनाना होगा।
किसान उनन्त बीजों व सूक्ष्म सिंचाई पद्धतियों को अपनाकर भी भूजल बचाने के प्रयास के साथ-साथ अच्छी फसल प्राप्त कर सकते हैं। राजीव कुमार शर्मा ने युवाओं को अपनी भूमिका निभाने पर बल दिया। युवा सकारात्मक सोच के साथ और ऊर्जा के साथ ग्रामीण क्षेत्र में लोगों को अपने परंपरागत जल संसाधन को साफ सुथरा रखने और वर्षा के पानी का संचयन करने पर भी लोगों को प्रेरित करें।




