अन्य राज्यउत्तर प्रदेश

योगी सरकार ने त्योहारों पर निर्बाध स्वास्थ्य सेवाओं के लिए कसी कमर, मेडिकल कॉलेज और अस्पताल अलर्ट मोड में

छठ पूजा एवं आगामी त्योहारों के मद्देनजर चिकित्सा सुविधाओं, आपातकालीन सेवाओं, मानव संसाधन और सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश

डीजीएमई की ओर से प्रदेश के सभी राजकीय एवं स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालयों और संबद्ध चिकित्सालयों को दिए गए आदेश

चिकित्सा सेवाओं की निर्बाध उपलब्धता और मरीजों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश

लखनऊ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इसी क्रम में छठ पूजा एवं आगामी त्योहारों के मद्देनजर प्रदेश की चिकित्सा सेवाओं को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए गए हैं। संभावित भीड़, सड़क दुर्घटनाओं, आग लगने की घटनाओं तथा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों को देखते हुए प्रदेश के सभी राजकीय एवं स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालयों और संबद्ध चिकित्सालयों को अपनी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने को कहा गया है। चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण विभाग की महानिदेशक नेहा शर्मा ने इस संबंध में सभी प्रधानाचार्यों, निदेशकों एवं संबंधित अधिकारियों को पत्र जारी कर चिकित्सा सेवाओं की निर्बाध उपलब्धता और मरीजों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को पूरी तरह सक्रिय रहने के निर्देश
योगी सरकार की मंशा के अनुरूप सभी चिकित्सा संस्थानों में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को पूरी तरह सक्रिय रखने पर जोर दिया गया है। इसके तहत इमरजेंसी विभाग, ट्रॉमा सेंटर, आईसीयू, बर्न यूनिट, ऑपरेशन थिएटर और अन्य जीवनरक्षक चिकित्सा सुविधाओं को पूर्ण क्रियाशील बनाए रखने के साथ ही अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों की तत्काल चिकित्सकीय जांच एवं आवश्यक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती भी की जाएगी
त्योहार अवधि में चिकित्सकों, नर्सिंग कर्मियों, तकनीकी कर्मचारियों और अन्य आवश्यक स्टाफ की ड्यूटी रोस्टरवार निर्धारित करने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती भी की जाएगी, ताकि किसी भी परिस्थिति में मानव संसाधन की कमी के कारण चिकित्सा सेवाएं प्रभावित न हों।

महानिदेशक द्वारा जारी निर्देशों में आवश्यक दवाओं, जीवनरक्षक औषधियों, इंजेक्शन, ड्रेसिंग सामग्री, स्यूचर, प्लास्टर सामग्री, आपातकालीन उपचार किट, ऑक्सीजन सिलेंडर, ऑक्सीजन आपूर्ति प्रणाली, वेंटिलेटर, मॉनिटर और अन्य चिकित्सा उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसके साथ ही ब्लड बैंक के साथ समन्वय स्थापित कर रक्त एवं रक्त अवयवों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

एंबुलेंस एवं अन्य आवश्यक परिवहन सुविधाएं रहें क्रियाशील
गंभीर मरीजों को उच्च स्तरीय चिकित्सा संस्थानों में स्थानांतरित करने के लिए एंबुलेंस एवं अन्य आवश्यक परिवहन सुविधाओं को क्रियाशील रखने तथा रेफरल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर भी जोर दिया गया है। रेफरल के दौरान मरीजों की स्थिति के अनुरूप आवश्यक स्वास्थ्यकर्मी एवं जीवनरक्षक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

संभावित भीड़ एवं सार्वजनिक आयोजनों को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और संबंधित आयोजकों के साथ समन्वय स्थापित कर प्राथमिक चिकित्सा केंद्र, चिकित्सा दल एवं एंबुलेंस की व्यवस्था करने को कहा गया है। आवश्यकता के अनुसार अस्पतालों के निकट चिकित्सा सहायता केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे, ताकि आपातकालीन स्थिति में लोगों को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके।

आपदा की स्थिति में त्वरित उपचार के लिए स्पष्ट कार्ययोजना
इसके अतिरिक्त सभी चिकित्सा संस्थानों में अग्नि सुरक्षा, विद्युत सुरक्षा और आपातकालीन निकास व्यवस्था का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। फायर अलार्म, अग्निशमन उपकरण, जनरेटर, विद्युत पैनल और अन्य सुरक्षा उपकरणों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने के साथ ही अस्पताल परिसर की स्वच्छता, पेयजल, शौचालय एवं साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।

महानिदेशक ने आपदा प्रबंधन एवं सामूहिक दुर्घटनाओं की स्थिति से निपटने के लिए प्रत्येक चिकित्सा संस्थान को अपनी आपदा प्रबंधन योजना की समीक्षा करने तथा बड़ी संख्या में घायल मरीजों के एक साथ अस्पताल पहुंचने की स्थिति में त्वरित उपचार के लिए स्पष्ट कार्ययोजना तैयार रखने के निर्देश दिए हैं।

सभी संस्थानों के प्रधानाचार्यों एवं निदेशकों को निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने, नियमित निरीक्षण करने तथा किसी भी गंभीर घटना या आपातकालीन स्थिति की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने को कहा गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button