
मदान ने पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का लिया जायजा
टीम एक्शन इंडिया/सोनीपत
नगर निगम मेयर निखिल मदान ने बुधवार को महलाना रोड़ वाटर वर्क्स का दौरा किया। मौके पर मुआयना करते हुए पेयजल आपूर्ति के कार्य में मिली कुछ अनियमितताओं को लेकर मेयर ने निगम अधिकारियों से जवाब तलब किया। साथ ही पेयजल आपूर्ति के काम में लगी संबंधित एजेंसी पर कठोर कार्यवाही करने के आदेश निगम अधिकारियों को दिए। मेयर निखिल मदान ने मौके पर निगम आयुक्त से बात कर संबंधित एजेंसी पर स्थानीय निकाय विभाग चंडीगढ़ से भी विभागीय कार्यवाही करने की अनुशंसा की। मेयर निखिल मदान ने बताया कि उन्हें लाइन पार क्षेत्र के लोगों ने उनके घरों में दूषित पेयजल आपूर्ति होने की शिकायत दी थी। उसी का संज्ञान लेते हुए वो आज निगम पार्षदों और अधिकारियों के साथ महलाना रोड़ वाटर वर्क्स पहुंचे है। निरीक्षण के दौरान उन्हें कुछ अनियमितताएं मिली हैं। जिसमे पानी साफ करने के कार्य में लगी कुछ मोटर खराब पाई गई है, साथ ही वाटर स्टोरेज टैंक में पेड़ पौधों के पत्ते और कुछ जगह मिट्टी जमी मिली है। इन सभी अनियमितताओं को जल्द से जल्द दूर करने के लिए उन्होंने अधिकारियों को सख्त आदेश दिए है। साथ ही इस वाटर वर्क्स का कार्य देख रही एजेंसी पर वित्तीय और अन्य विभागीय कार्यवाही करने के आदेश भी उन्होंने दिए है। मेयर निखिल मदान ने इसके उपरांत निगम कार्यालय में निगम आयुक्त विश्राम कुमार मीणा और संबंधित निगम अधिकारियों के साथ बैठक कर पेयजल आपूर्ति से संबंधित समस्याओं पर चर्चा की। जिसमे निगम आयुक्त ने सभी अधिकारियों को पेयजल व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए सभी जरूरी कदम उठाने के आदेश दिए। मौके पर मौके पर नगर निगम सीनियर डिप्टी मेयर राजीव सरोहा ,निगम पार्षद एडवोकेट मोनिका, निगम पार्षद नवीन तंवर, राजेश दहिया,अनिल नागर रहे मौजूद। साथ ही निगम के अधीक्षण अभियन्ता अशोक कुमार रावत, कार्यकारी अभियंता निजेश कुमार, कार्यकारी अभियंता पंकज सैनी, एस डी ओ नरेंद्र कुमार एस डी ओ मंजीत दहिया मौजूद रहे।