
घुमारवीं के पट्टा में विवाहिता ने लगाया फंदा
टीम एक्शन इंडिया/बिलासपुर/कश्मीर ठाकुर
पुलिस थाना घुमारवीं के अंतर्गत आने वाले कस्बा पट्टा में एक नव विवाहिता ने अपने ससुराल में आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान हेमा देवी पत्नी आशीष धीमान निवासी के रूप में की गई है। इस मामले में पुलिस ने आपराधिक मामला दर्ज करके मृतका के पति आशीष धीमान को हिरासत में ले लिया है तथा पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। हेमा देवी की शादी में 2023 में आशीष धीमान के साथ हुई थी। हेमा देवी के मायके गांव बुहाई डाकघर स्वाहण में थे। जानकारी के मुताबिक मृतका ने बीती रात अपने दुपट्टे को कमरे के गाडर के साथ बांधकर आत्महत्या कर ली। उस समय घर पर मृतका की सास व पति ही थे।
बताया जा रहा है कि पति ने हेमा देवी को नीचे उतारा और अस्पताल लेकर गया। जहां से पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस थाना प्रभारी विपन चौधरी अपनी टीम सहित अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया तथा अमृत का के पति को हिरासत में ले लिया। सुबह होते ही मायका पक्ष के लोग घुमारवीं पहुंच गए। पुलिस ने इन लोगों से बातचीत की। मृतका के भाई शिव कुमार ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन को शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसकी बहन एक साहसी व मजबूत लडकी थी। वह आत्महत्या नहीं कर सकती थी। उसका आरोप है कि इन लोगों ने इसकी हत्या की है। डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा दिया है। उसका अंतिम संस्कार घुमारवीं शमशान घाट पर कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है।