
‘विज आधी-आधी रात तक सुनते हैं लोगों की समस्याएं’ ‘
अम्बाला/मनीष कुमार
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज की कार्यशैली की जमकर प्रशंसा करते हुए कहा कि अनिल विज बहुत ही महत्वपूर्ण तरीके से अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने के लिए कार्य करते हैं, वह जनता दरबार लगाते हैं और उन्हें लगता है कि इनकी लोकप्रियता काफी दूर तक पहुंच गई है। अनिल विज काफी श्रमसात है जोकि आधी-आधी रात तक लोगों की समस्याएं सुनते हैं और निपटारा करते हैं। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ बुधवार को गृह मंत्री अनिल विज के आवास पर उनका हालचाल जानने के उपरांत पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि चिरायु कार्ड बनाने में हरियाणा यूनिक है। इसका श्रेय मुख्यमंत्री मनोहर लाल और स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज को जाता है। योजना में सवा करोड़ की आबादी कवर हो गई है और मात्र चिरायु कार्ड योजना के दम पर ही भाजपा हरियाणा में अगले चुनाव में विजयीश्री हासिल करेगी। उन्होंने कहा चिरायु योजना बड़ी योजना है जिसमें लाभ पात्रों का पांच लाख तक का मुफ्त ईलाज संभव हो रहा है। गौरतलब है कि गृह मंत्री अनिल विज की विगत दिनों पीजीआई चंडीगढ़ में सिर की माइनर सर्जरी के बाद डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने का सलाह दी थी। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने लोगों के टेस्ट करवाकर यूनिक कार्य किया : प्रदेशाध्यक्ष धनखड़ भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि चिरायु योजना से आगे बढ़ते हुए स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने प्रदेश के लोगों के स्वास्थ्य टेस्ट कराने शुरू किए है जोकि एक यूनिक कार्य है।
इन टेस्टों के माध्यम से लोगों की छिपी हुई बीमारियां पकड़ी जा रही है और उनके ईलाज हो रहे हैं जोकि एक यूनिक आईडिया है। पूरे भारत में स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज से लोग सीख कर आगे बढ़ रहे हैं और उन्हें यह लगता है कि इनके कार्यकाल में बेहतरीन कार्य हो रहे हैं।
प्रदेश के बजट को सभी भाजपा कार्यालयों में सुना जाएगा : बजट को लेकर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि देश का बजट सत्र अच्छा आया जिसमें माइक्रो और मैक्रो दोनों इक्नॉमी दोनों का ख्याल रखा गया। गरीब आदमी और देश की अर्थव्यवस्था का ख्याल रखा गया।
उन्हें लगता है कि मुख्यमंत्री जब हरियाणा का बजट पेश करेंगे तो हरियाणा की माइक्रो और मैक्रो दोनों इक्नॉमी का ध्यान रखेंगे। सभी भाजपा कार्यकर्ता जिला कार्यालय में बजट सुनेंगे और बजट की विशेषताओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम करेंगे।
अम्बाला में भाजपा का मजबूत संगठन : ओम प्रकाश धनखड़
एक सवाल का जवाब देते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा का कार्यकर्ता पन्ना-पन्ना तक अपना संगठन खड़ा कर रहा है और इसकी प्ररेणा अम्बाला से मिल रही है। उन्होंने कहा इसमें कोई दो राय नहीं की अम्बाला छावनी और शहर का संगठन अच्छा है। उन्होंने कहा हम पूरे हरियाणा के हर पन्ने तक अपने कार्यकर्ता खड़े कर रहे हैं। अब तय किया गया है कि छह अप्रैल को प्रात: 9 बजे एक ही समय पांच लाख घरों पर पार्टी का ध्वज एक साथ फहराया जाएगा जिसमें चार लाख पन्ना प्रमुख और एक लाख से ज्यादा अन्य कार्यकर्ता शामिल होंगे।
प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि आगामी 26 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की 98वीं ह्लमन की बातह्व को शक्ति केंद्रों पर भी सुना जाएगा और इसे वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा। मन की बात कार्यक्रम के बाद भारत के राष्ट्रपति के अभिभाषण को पढ़ा जाएगा और इस पर चर्चा की जाएगी।
वहीं, एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जो-जो अच्छा काम कर रहे है हम भी उनसे प्रेरित हो रहे हैं और छोटे-छोटे बदलाव चलते रहते हैं। जहां जहां लगता है कार्यकर्ता की किसी कारण से सक्रियता कम हो जाती है तो निश्चित रूप से दायित्व परिवर्तित करते हुए उसे आगे बढ़ाते हैं।
इस अवसर पर भाजपा भाजपा मंडल प्रधान राजीव गुप्ता डिम्पल, किरणपाल चौहान के अलावा श्याम सुंदर अरोड़ा, सुरेंद्र बिंद्रा, आशीष अग्रवाल, भरत कोछड़ सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।