
प्रदेश की गठबंधन सरकार लुटेरी सरकार: ओमप्रकाश चौटाला
टीम एक्शन इंडिया/सिरसा
प्रदेश की गठबंधन सरकार लुटेरी सरकार है जो दोनों हाथों से जनता के गाढे खून पसीने की कमाई को लूटकर अपनी तिजोरी भर रही है। उक्त विचार इनेलो सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला शुक्रवार को डबवाली रोड स्थित इनेलो जिला कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं की जिला स्तरीय बैठक को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
इनेलो सुप्रीमो ने कहा कि इनेलो सत्ता की लोभी नहीं है वह तो केवल जनता के हितों की लड़ाई लड़ रही है और प्रदेशवासियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर रहे हैं। हरियाणा में चल रही पद परिवर्तन यात्रा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पूरे हरियाणा में इस पदयात्रा की खासी चर्चा है और इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला को प्रदेशवासी सिर आंखों पर बिठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा आगामी जून के प्रथम सप्ताह में सिरसा आ सकती है, इसलिए इस पदयात्रा की सफलता के लिए सभी कार्यकर्ता अभी से तैयारी कर लें और अधिक से अधिक लोगों को इस पदयात्रा का हिस्सा बनाएं। उन्होंने बताया कि जिस प्रकार प्रदेशवासी इनेलो को अपना प्यार और समर्थन दे रहे हैं।
उससे निश्चित है कि हरियाणा में अगली सरकार इनेलो की होगी और फिर से सही मायने में हरियाणा के विकास की सही तस्वीर को उकेरा जाएगा। इनेलो सुप्रीमो ने कहा कि देश व प्रदेश की वर्तमान सरकार पूंजीपतियों की सरकार है और उन्हें आमजन की दुख तकलीफ से कोई लेना देना नहीं है।
मुख्यमंत्री आवास में किसी की समस्याएं नहीं सुनी जाती है और वह सूना पड़ा रहता है। इनेलो सुप्रीमो ने कहा कि वर्ष 2024 में इनेलो की सरकार बनते ही बुढ़ापा सम्मान भत्ता 7500 रुपए मासिक और युवाओं के लिए बेरोजगारी भत्ता 21 हजार रुपया दिया जाएगा। इस अवसर पर उनके साथ इनेलो जिलाध्यक्ष कश्मीर सिंह करीवाला, नछत्र सिंह मल्हान, पूर्व विधायक डॉ. सीताराम, सुभाष नैन, जसवीर सिंह जस्सा, मोहनलाल झोरड़, अभय सिंह खोड़, गुरविंद्र सिंह गिल, इनेलो महिला जिलाध्यक्ष कृष्णा फौगाट, इनेलो प्रेस प्रवक्ता महावीर शर्मा मौजूद थे।