
दियोल गांव से संबंध रखने वाली तविषा ने हासिल किया प्रथम स्थान
टीम एक्शन इंडिया/चंबा/हामिद
राजीव गांधी गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज, नगरोटा बगवां, कांगड़ा की द्वितीय वर्ष की छात्रा तविषा ठाकुर ने जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में अपने कॉलेज का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। इस भाषण प्रतियोगिता का आयोजन विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी कांगड़ा शाखा द्वारा किया गया। इस भाषण प्रतियोगिता का प्रथम चरण द्रोणाचार्य कॉलेज आॅफ एजुकेशन, रैत, कांगड़ा में 5 सितंबर, 2023 को शिक्षा दिवस के उपलक्ष पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में आयोजित किया गया था जबकि इसका दूसरा चरण गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज मटौर, कांगड़ा में 11 सितंबर, 2023 को आयोजित किया गया। इस भाषण प्रतियोगिता में कांगड़ा जिला के लगभग 15 कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। इस भाषण प्रतियोगिता का थीम गुरु-शिष्य परंपरा रखा गया था। तविषा ठाकुर ने अपने भाषण से न केवल वहां पर उपस्थित निर्णायक मंडल, आयोजकों को प्रभावित किया बल्कि वहां पर उपस्थित जन समूह में भी अपनी अलग छाप छोड़ी। इस भाषण प्रतियोगिता में सभी को पीछे छोड़ते हुए तविषा ठाकुर ने प्रथम स्थान हासिल किया। आयोजकों द्वारा प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह के साथ-साथ 7500 रुपए का नगद इनाम भी दिया गया। तविषा ठाकुर की प्रारंभिक शिक्षा डीएवी स्कूल, भरमौर और चंबा से हुई है। वह इससे पहले भी कई जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर के इनाम अपने नाम कर चुकी है। वर्ष 2019 में बाल विज्ञान सम्मेलन में राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुकी है। तविषा ठाकुर के पिता डॉक्टर केहर सिंह ठाकुर ने कहा कि उन्हें मिले बधाई संदेश में राजीव गांधी गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज, नगरोटा बगवां के निदेशक, इंजीनियर दीपक बंसल ने तविषा ठाकुर की प्रशंसा की है उन्होंने कहा कि हमारे लिए यह गर्व की बात है कि हमारी होनहार छात्रा तविषा ठाकुर ने पूरे जिले के अंदर प्रथम स्थान हासिल किया है हम सब का सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने तविषा ठाकुर के उज्जवल भविष्य की कामना की है।